चांदन प्रखंड मुख्यालय के मतगणना केंद्र में प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय सहयोग शिविर
बांका : बिहार सरकार द्वारा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सहयोग शिविर के तहत चांदन प्रखंड मुख्यालय परिसर में दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों से आवेदन प्राप्त किए, लेकिन राजस्व विभाग की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही।
शिविर में कुल पंद्रह विभागों के लिए काउंटर लगाए गए थे। शिक्षा विभाग, मनरेगा, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग, लघु सिंचाई, बाल विकास परियोजना, खाद एवं उपभोक्ता आपूर्ति विभाग, पंचायती राज, पीएचईडी, पशुपालन विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि विभाग, कल्याण विभाग एवं जीविका के कर्मी अपने-अपने काउंटरों पर मौजूद रहे और लोगों की समस्याएं सुनकर आवेदन प्राप्त किए।
हालांकि सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के बावजूद राजस्व विभाग का काउंटर नहीं दिखा और न ही अंचल कार्यालय का कोई कर्मी शिविर में मौजूद था। जमीन, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी एवं अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों को निराशा हाथ लगी। कई लोग अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए भटकते रहे। चांदन प्रखंड बेलहर एवं कटोरिया क्षेत्र से सटा हुआ है, जिसके कारण दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे थे। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों ने शिविर में भाग लिया, जबकि कुछ लोग गर्मी और लंबी दूरी के कारण शिविर तक नहीं पहुंच सके। बीडीओ अजेश कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर दो दिनों तक आयोजित किया गया है। पहले दिन जो लोग नहीं पहुंच सके हैं, वे दूसरे दिन शिविर में आकर अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस विभाग का काउंटर शिविर में नहीं लगा है उसके शिकायत जिलाधिकारी से किया जाएगा।
रिपोर्टर : राकेश कुमार बच्चू
No Previous Comments found.