चांदन रेलवे पुल के पास युवक का शव मिलने से सनसनी ट्रेन से गिरने की आशंकाएं पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बांका : चांदन रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे पुल के बगल पोल संख्या 16/8 के समीप सोमवार की सुबह झाड़ी में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर चांदन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान सहरसा जिले के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के दिवारी गांव निवासी रूपेश कुमार (30) के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, रूपेश चार सितंबर को कार से देवघर गया था। रविवार को उसने फोन कर पर्स चोरी होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश की, जिसके बाद स्टेशन के पास शव बरामद हुआ। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि मृतक के माथे और हाथ में चोट के निशान हैं। कुछ बच्चों ने ट्रेन गुजरने के बाद झाड़ी के पास एक व्यक्ति को छटपटाते देखने की बात बताई है। प्रथमदृष्टया ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
रिपोर्टर : राकेश कुमार बच्चू
No Previous Comments found.