श्री श्री 1008 अखंड हरिनाम कीर्तन, को लेकर निकाली भव्य कलश शोभायात्रा
बांका : बांका जिले के चांदन प्रखंड क्षेत्र के चांदन पंचायत अंतर्गत पांडेयडीह गांव स्थित देवघर सिमुलतला मुख्य मार्ग बरगत बट वृक्ष काली मंदिर परिसर में तीन दिवसीय अखंड हरिनाम कीर्तन के आयोजन को लेकर सोमवार को मां काली मंदिर परिसर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। कार्तिक शुक्ल पक्ष की बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर बरगाछ काली मंदिर परिसर से 251 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने माथे पर कलश धारण कर शोभा यात्रा में हिस्सा लिया। कलश शोभायात्रा में ढोल नगाड़े, ताशा पार्टी और डीजे की धुन पर श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में आगे बढ़ते रहे। मां काली मंदिर परिसर से लगभग 1 किलोमीटर दूर नावाडीह, रामपुर पंडित टोला होते हुए चांदन नदी रामपुर छठ घाट पहुंची। जहां रामपुर नदी तट पर विद्वान पंडित आचार्य देवदत्त शास्त्री उर्फ विक्की, उपचार्य रोहित रंजन, पुरोहित विनोद पांडेय, जितेंद्र पांडेय, नरेंद्र पांडेय एवं पवन पांडेय ने यजमान राजू यादव एवं उनकी पत्नी सरिता देवी की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोंच्चार के साथ कलश में जल भराई अनुष्ठान पूर्ण किया गया। इस दौरान चांदन रामपुर नदी तट पर गौरी-गणेश पूजन, योगिनी पूजन एवं वरुण देवता का आह्वान किया गया।
पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना और संकल्प के बाद कलश शोभायात्रा पांडेयडीह टु आनंदपुर मार्ग से होते हुए रामपुर पंडित टोला, नावाडीह गांव गुजरते हुए वापस यज्ञ स्थल मां काली मंदिर के प्रांगण में पहुंच गई। आयोजक बरगाछ काली पूजा समिति की ओर से कलश यात्रियों के लिए शरबत एवं फलाहार की व्यवस्था की गई थी।
आयोजन समिति के अनुसार मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंडप प्रवेश एवं वैदिक पूजन के बाद अखंड राम धुन हरिनाम संकीर्तन, अष्टयाम का शुभारंभ होगा। 25 नवंबर को पूर्णाहुति, हवन एवं प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में बरगाछ मां काली पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ सुनील कुमार , सचिव बैजनाथ यादव, कोषाध्यक्ष मदन कुमार रामानी, चतुर्भुज यादव, बलराम दास, गौरीशंकर यादव, सोनू दुबे आदित्य पांडेय, देवेंद्र दास, अनिल यादव, आदि विभिन्न गांव के लोग सहयोग कर रहे हैं।
रिपोर्टर - राकेश कुमार बच्चू

No Previous Comments found.