शरदकालीन गन्ना बुवाई हेतु शरदकालीन कृषक संगोष्ठी का आयोजन

बाराबंकी : बलरामपुर चीनी मिल्स लि0, इकाई-हैदरगढ़ के सौजन्य से शरदकालीन गन्ना बुवाई को बढ़ावा देने हेतु कृषक संगोष्ठी का आयोजन बेला पश्चिमी एवं देउरा  ग्राम में   किया गया। इस अवसर पर चीनी मिल के मुख्य महाप्रबन्धक, बी0के0 यादव, उप महाप्रबन्धक (गन्ना) धर्मेश मेहरोत्रा, रीजनल हेड  सुरेशानन्द पाण्डेय एवं चीनी मिल के क्षेत्रीय अधिकारी रामहेत पांडेय सहित भारी संख्या में क्षेत्र के प्रगतिशील गन्ना कृषकों ने प्रतिभाग किया।

उक्त अवसर पर मुख्य महाप्रबन्धक बी0 के0 यादव ने कृषकों को सम्बोधित करते हुए गन्ना खेती में हो रहे नवाचार की विस्तृत चर्चा की तथा वर्तमान में गन्ना खेती में मजूदरों की बढ़ती निर्भरता, लागत को मद्देनजर रखते हुये गन्ना खेती में मशीनीकरण को अपनाने की सलाह दी। गन्ना कटाई एवं छिलाई में आ रही समस्याओं का संज्ञान लेते हुये इस पेराई सत्र में मैकेनिकल केन हार्वेस्टर से गन्ना कटाई एवं छिलाई कराना प्रारम्भ कराये जाने की बात कहीं तथा इसके सफल प्रयोग के उपरान्त मिल क्षेत्र में आवश्यकतानुसार और हार्वेस्टर लाने के प्लान पर चर्चा की, जिससे कृषकों की मजदूरों पर निर्भरता कम होगी तथा उत्पादन लागत कम होगी। एक साथ सम्पूर्ण प्लाट की कटाई हो जाने से पेड़ी प्रबन्धन में सुगमता होगी। उन्होने बताया कि गन्ना क्षेत्रफल कम होने के कारण हमारी चीनी मिल को वाह्य क्षेत्रों से गन्ना खरीदकर लाना पड रहा है, उन्होने मिल क्षेत्र में गन्ना क्षेत्रफल बढाये जाने पर जोर दिया। गन्ना विभाग प्रमुख धर्मेश मेहरोत्रा जी ने शरदकालीन गन्ना बुवाई के दौरान किसानों को चीनी मिल की ओर से दी जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानो को उन्नत बीज, उर्वरक, कीटनाशक दवाओं की उपलब्धता, समय पर तकनीकी मार्गदर्शन तथा बुवाई हेतु आवश्यक संसाधन सुगमता से उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे किसान अधिक से अधिक क्षेत्रफल में शरदकालीन गन्ने की बुवाई कर सकें एवं भविष्य में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।
गोष्ठी की अध्यक्षता गन्ना समिति सुल्तानपुर के चेयरमैन शिव कुमार सिंह  द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन रीजनल हेड सुरेशानन्द पाण्डेय द्वारा किया गया तथा गोष्ठी में चीनी मिल के गन्ना विभाग समस्त क्षेत्रीय अधिकारी एवं सम्बन्धित कर्मचारी उपस्थित रहे। गोष्ठी के उपरान्त मुख्य महाप्रबंधक द्वारा ग्राम देउरा में सिंगल बडविधि से बोए गए  गन्ने के प्लॉट का निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान प्रगतिशील कृषक राजेश कुमार द्विवेदी, चंद्रशेखर उपाध्याय, चंद्रनाथ पांडेय , संतोष तिवारी, प्रदीप कुमार, संदीप पाण्डेय एवं  अन्य कृषक मौजूद रहे ।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.