LANGUAGE

विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यार्थियों ने जाना प्रकृति का महत्व

बाराबंकी : समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित समर कैंप-2025 के आज के दिवस को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के रूप में प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत की समझ और संरक्षण को समर्पित किया गया।

सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों एवं इच्छुक अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्त विहीन विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों ने दिन का आरंभ 1/2 घंटे योग एवं व्यायाम के साथ किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों को समूहों में विभाजित कर स्थानीय पर्यटन स्थलों एवं प्राकृतिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण कराया गया।
विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों को स्थानीय ऐतिहासिक(अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद अमृत सरोवर बेलखरा), इको पार्क(महादेवी इको पर्यटन पार्क सूरतगंज), मनोरंजक स्थल(फिल्मिस्तान मित्तई), भौगोलिक विशेषताओं(स्थानीय नदियों और उनके ब्लॉक स्तर पर निर्मित दर्शनीय सरोवर), रीति-रिवाजों(कबीर मठ), हस्तशिल्प(मीठा बताशा निर्माण कुटीर उद्योग बांसा), और परंपराओं(अवसानेश्वर महादेव मंदिर हैदरगढ़) से जुड़े स्थलों के भ्रमण और उनसे संबंधित जानकारी दी गई। शिक्षकों और विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता तथा सांस्कृतिक धरोहरों की सुरक्षा पर संवाद भी आयोजित किए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बना दिन का केंद्रबिंदु
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बाराबंकी में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
जिला विद्यालय निरीक्षक श्री ओ०पी० त्रिपाठी एवं जिला समन्वयक समग्र शिक्षा (मा०) श्री अखिलेन्द्र सिंह की उपस्थिति में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में भाग लेते हुए भावनात्मक रूप से जुड़ाव दर्शाया। उन्होंने पर्यावरण की रक्षा हेतु विद्यार्थियों को प्रेरित किया और हर विद्यार्थी से कम से कम एक पौधा अपने परिवार के किसी सदस्य के नाम पर लगाने का आग्रह किया।
श्री त्रिपाठी ने कहा, "प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूक पीढ़ी ही पृथ्वी को सुरक्षित भविष्य दे सकती है।"
श्री अखिलेन्द्र सिंह ने कहा, "शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि प्रकृति और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी पैदा करना है।"
आज की मुख्य गतिविधियाँ:
- योग एवं व्यायाम
- स्थानीय पर्यटन स्थलों का शैक्षिक भ्रमण
- सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक ज्ञान सत्र
- ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधरोपण अभियान
- पर्यावरण संरक्षण पर संवाद
समर कैंप के इस विशिष्ट दिवस ने विद्यार्थियों को प्रकृति से जुड़ने, संस्कृति को समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित किया।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.