रामसेवक यादव ने पूरे देश में जगाई समाजवाद की अलख : गोप

बाराबंकी : आजादी के बाद समाजवादी आंदोलन की पहली कतार के सेनानी और देश की संसद के गौरव रहे स्वर्गीय बाबू रामसेवक यादव की जयन्ती के 99वें वर्ष की शुरूआत पर विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा बैठक मंगलवार को गांधी भवन में तैयार की गई। बता दें कि 02 जुलाई 1926 को उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी की तहसील हैदरगढ़ के ग्राम ताला रुक्नुद्दीनपुर में जन्में रामसेवक यादव ने कांग्रेस की आंधी में भी उन्होंने समाजवाद की मशाल जलाई रखी। बैठक में बाबू रामसेवक यादव जन्मशताब्दी वर्ष समारोह समिति का गठन किया गया। जोकि 02 जुलाई 2025 से 02 जुलाई 2026 तक यह समिति सालभर विविध कार्यक्रमों को आयोजित करेगी। जिसमें सर्वसमिति से स्व. रामसेवक यादव के साथी और प्रखर समाजवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा को अध्यक्ष बनाया गया। वहीं समिति के संरक्षक की भूमिका में पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप, अमिताभ सिंह यादव (सुपुत्र स्व. राम सेवक यादव), पूर्व एमएलसी राजेश कुमार यादव ‘राजू’, पूर्व प्रमुख नन्हें सिंह यादव, डॉ विकास यादव, और संयोजक ज्ञान सिंह यादव रहेंगे। बैठक को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप ने कहा कि स्वर्गीय रामसेवक यादव लोहिया जी के साथी थे। यह जनपद आज भी उन्हीं के नाम से जाना जाता है। उन्होंने पूरे देश में समाजवाद की अलख जगाई थी। ऐसे हमारे पूर्वज को याद करना और उनके विचारों को जन जन तक पहुंचाना हम सभी समाजवादियों का कर्तव्य है। 02 जुलाई से यह समिति जनपद भर में विविध कार्यक्रम आयोजित करेगी और जन्म शताब्दी समारोह का समापन प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की उपस्थिति में सम्पन्न होगा। समाजवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा ने कहा कि बाबू रामसेवक यादव के विचारों, सपनों, संघर्षों और योगदान का स्मरण करके देश और दुनिया में समाजवादी विरासत को बचाने और आगे की चुनौतियों का समाधान करने की एक पहल शुरूआत की गई। पूर्व एमएलसी राजेश कुमार यादव ने कहा कि स्व. रामसेवक यादव की जन्मशताब्दी पर जनपद के सभी ब्लाकों में वृहत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें उनके तमाम समकालीन साथियों को इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। बैठक का संचालन वरिष्ठ समाजवादी नेता ज्ञान सिंह यादव ने किया। बैठक के दौरान गठित समिति में पूर्व कैबिनेट मंत्री राकेश कुमार वर्मा, पूर्व सांसद रामसागर रावत, पूर्व विधायक सरवर अली खान, पूर्व एमएलसी अरविन्द कुमार यादव, समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सरताज चौधरी, लोकतंत्र सेनानी हरि राम सिंह यादव, आशाराम वर्मा, उमानाथ यादव सोनू, डा. सिद्धार्थ यादव, यासिर अराफात किदवाई, राम सिंह यादव, अजय वर्मा बबलू, मृत्युंजय शर्मा, सलाउद्दीन किदवाई, प्रदीप यादव को शामिल किया गया है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.