कड़ाके की ठण्ड को देखते हुए कोतवाली फतेहपुर में चौकीदारों को किया गया कम्बल वितरण
फतेहपुर : कड़ाके की ठंड को देखते हुए फतेहपुर थाना परिसर में ग्राम पहरियों (चौकीदारों) के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी जगत राम कनौजिया एवं कोतवाल संजीत कुमार सोनकर ने उपस्थित ग्राम पहरियों को ठंड से बचाव हेतु गर्म कंबल वितरित किए। इस अवसर पर अधिकारियों ने ग्राम पहरियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम पहरी पुलिस व्यवस्था की “रीढ़ की हड्डी” हैं, क्योंकि उनका सीधा जुड़ाव गांवों से होता है और गांव में घटित होने वाली प्रत्येक गतिविधि की जानकारी सबसे पहले उन्हीं के माध्यम से पुलिस तक पहुंचती है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी जगत राम कनौजिया ने कहा कि ग्राम पहरियों की सतर्कता और सक्रियता से ही अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गांवों में शांति कायम रखने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि ठंड के इस मौसम में ग्राम पहरियों का स्वस्थ और सुरक्षित रहना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर सकें। ग्राम पहरियों की सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कोतवाल संजीत कुमार सोनकर ने भी ग्राम पहरियों से निरंतर पुलिस के संपर्क में रहने, संदिग्ध गतिविधियों की समय से सूचना देने तथा गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों ग्राम पहरियों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर ग्राम पहरियों के चेहरे पर संतोष और खुशी देखने को मिली तथा उन्होंने पुलिस प्रशासन के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.