संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत मायके वालों ने दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप
बाराबंकी : थाना क्षेत्र अंतर्गत संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों द्वारा महिला को सीएचसी बड़ागांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाते हुए मसौली थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम किन्हौली निवासी सज्जन पुत्र गजोधर प्रसाद की शादी वर्ष 2022 में थाना सतरिख क्षेत्र के ग्राम मजीठा निवासी महेश प्रसाद की पुत्री मंशा देवी (27) से हुई थी। मृतका के पिता महेश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था लेकिन ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। महेश प्रसाद के अनुसार सोमवार रात करीब 8:40 बजे बेटी से मोबाइल पर बातचीत हुई थी उस समय वह ठीक थी। रात करीब 2:05 बजे दामाद सज्जन ने फोन कर मंशा देवी की तबीयत खराब होने की सूचना दी। करीब 3 बजे सीएचसी बड़ागांव पहुंचने पर बेटी मृत अवस्था में मिली। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दामाद सज्जन व उसके परिजन लगातार एक लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग कर रहे थे तथा इसी को लेकर मंशा देवी को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। अन्य महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद


No Previous Comments found.