नाट्य मंचन कर दिया फाइलेरिया से बचाव का संदेश,बाल विकास विद्या मंदिर इंटर कालेज कोठी के छात्र-छात्राओं ने दी रोचक प्रस्तुति

बाराबंकी : जिले के सात ब्लॉकों में 10 फरवरी से 28 फरवरी तक आईडीए अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने और जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए शनिवार को सिहौरा ब्लॉक में पेशेंट स्टेकहोल्डर (पीएसपी) के सहयोग से बाल विकास विद्या मंदिर इंटर कालेज कोठी के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में नाट्य मंचन कर विद्यालय के बच्चों को फाइलेरिया बीमारी से बचाव का संदेश देकर जागरूक किया। प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सभी को दवा सेवन करना जरुरी है। विद्यालय के 12वीं कक्षा के छात्र मोहमद सादिक,  आस्था सिंह और सहायक अध्यापक रणविजय वर्मा ने नाट्य मंचन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाने में नुक्कड़ नाटक जैसी पारंपरिक विधाओं की भूमिका और महत्व को रेखांकित किया।छात्र-छात्राओं ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली गंभीर और लाइलाज बीमारी है। इसके शुरुआती दौर में कोई लक्षण नहीं दिखते, लेकिन 5 से 15 साल बाद हाथ-पैर या महिलाओं के स्तनों में सूजन आ सकती है, जिससे व्यक्ति को दिव्यांगता का सामना करना पड़ सकता है। बताया कि इससे बचाव संभव है। सरकार आईडीए अभियान के तहत डीईसी, एल्बेंडाजोल और आइवरमेक्टिन तीन तरह की दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराती है, 10 से 28 फरवरी तक स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर दवा खिलाएंगे। इसे खाली पेट नहीं लेना चाहिए और पूरी खुराक लेना जरूरी है। एक साल से छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जाएगी, जबकि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली पीसकर दी जाएगी। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गठित जिला कोर ग्रुप( डीसीजी) के सदस्य ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगन्नाथ यादव ने बताया फाइलेरिया से बचाव की सभी का दवा सेवन करना जरुरी है। यह दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं होता। यदि दवा लेने के बाद हल्की खुजली या चकत्ते हों, तो यह संकेत है कि शरीर में मौजूद फाइलेरिया के कीटाणु नष्ट हो रहे हैं। किसी भी परेशानी पर आशा कार्यकर्ता या रैपिड रिस्पॉन्स टीम से संपर्क करें। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक विक्रम सिंह, सहयोग संस्था सीफार के प्रतिनिधि सहित शिक्षक, छात्र  मौजूद रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.