दिव्यांग बच्चों को मिला संबल, 289 को 388 सहायक उपकरण वितरित

बाराबंकी : विकास खण्ड बंकी के उच्च प्राथमिक विद्यालय मौथरी में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों के लिए उपस्कर एवं उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बाराबंकी नवीन कुमार पाठक एवं जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सुधा जायसवाल ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। मेजरमेंट कैंप में चिन्हित तहसील नवाबगंज के कुल 289 दिव्यांग बच्चों को एल्मको कानपुर के सहयोग से 388 सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने संबोधन में कहा कि सभी बच्चे समान हैं और सभी को शिक्षा का अधिकार है। शारीरिक, मानसिक या दृष्टि संबंधी किसी भी प्रकार की कठिनाई से जूझ रहे बच्चे इन उपकरणों की सहायता से अपनी कमी को दूर कर शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये उपकरण उनके जीवन को नई दिशा देंगे।

जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सुधा जायसवाल ने बताया कि इसी क्रम में 10 जनवरी को तहसील हैदरगढ़ तथा 11 जनवरी को तहसील फतेहपुर में भी उपकरण वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह, एआरपी लक्ष्मी सिंह, सुभाष तिवारी, स्पेशल एजुकेटर नीरज मिश्रा, राज नारायण, निर्मल कुमार, कमलेश कुमार, स्लीमुद्दीन, अरविंद मिश्रा, अर्चना देवी एवं एकता सक्सेना सहित अन्य स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.