पायनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज में फाइलेरिया जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
बाराबंकी : फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से मंगलवार को पायनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज, लखपेड़ाबाग में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समाज को फाइलेरिया रोग के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में सही जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से पहुंचे मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवधेश कुमार यादव ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है। समय पर उपचार न होने की स्थिति में यह रोग शरीर के अंगों में सूजन एवं स्थायी विकलांगता का कारण बन सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने फाइलेरिया से बचाव के उपायों पर प्रकाश डालते हुए सरकार द्वारा संचालित एम.डी.ए. (Mass Drug Administration) कार्यक्रम के अंतर्गत दी जाने वाली दवाओं के नियमित एवं अनिवार्य सेवन पर जोर दिया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वयं एवं एक विद्यार्थी शुभ आकाश प्रताप सिंह (कक्षा 11) को दवा खिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूकता ही फाइलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डी.के. श्रीवास्तव के साथ DEIC मैनेजर अवधेश सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सुजाता ठाकुर, फाइलेरिया नियंत्रण अधिकारी नीलम द्विवेदी (PCI), सहायक मलेरिया अधिकारी खालिद हुसैन, अखिलेश बहादुर सिंह, DC (CKD) शैलेन्द्र सिंह, DC (NDD) सलीम अहमद खां सहित समस्त मलेरिया एवं फाइलेरिया निरीक्षक तथा विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने फाइलेरिया उन्मूलन का संकल्प लिया तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और मच्छरों से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रण किया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद


No Previous Comments found.