सात परीक्षा केंद्रों पऱ हाई स्कूल की सम्पन्न हुई, प्रशासन पूरी तरह रहा सतर्क
बाराबंकी : फतेहपुर क्षेत्र में बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत शांतिपूर्ण माहौल में हुई। पहले दिन हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत हिन्दी विषय का पहला प्रश्नपत्र सात परीक्षा केंद्रों पर सकुशल संपन्न कराया गया। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जानकारी के अनुसार फतेहपुर क्षेत्र के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिली। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रही, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि पर रोक लगाई जा सके। केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई। किसी भी परीक्षार्थी को बिना जांच के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
प्रशासन द्वारा निर्देशित गाइडलाइंस का पालन सख्ती से कराया गया। परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई थी, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षा कक्षों में अनुशासन बनाए रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षक लगातार निगरानी करते रहे।
हिन्दी का प्रश्नपत्र निर्धारित समय पर शुरू हुआ और तय समय पर समाप्त भी हुआ। परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों ने राहत की सांस ली और अधिकांश छात्रों ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताया। वहीं अभिभावकों ने भी प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन की व्यवस्था की सराहना की।
कुल मिलाकर फतेहपुर में बोर्ड परीक्षा का पहला दिन पूरी तरह शांतिपूर्ण, नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन ने आगामी परीक्षाओं को भी इसी प्रकार पारदर्शी और सुचारू रूप से कराने का भरोसा दिलाया है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.