45 वर्षीय शिक्षक श्याम सिंह ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दी
मसौली बाराबंकी : क्षेत्र के त्रिलोकपुर कस्बे में गुरुवार की भोर एक दुखद घटना में बीपी शुक्ला इंटर कॉलेज त्रिलोकपुर के शिक्षक श्याम सिंह (45) ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पूरे इलाके और विद्यालय में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाराबंकी जनपद के मसौली थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोकपुर निवासी श्याम सिंह गुरुवार सुबह घर से बाइक लेकर निकले थे। बताया जा रहा है कि घर में पत्नी से किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इसके कुछ समय बाद रानीबाजार के पास नरैनीपुरवा के निकट रेलवे ट्रैक पर उन्होंने मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी। श्याम सिंह बीपी शुक्ला इंटर कॉलेज त्रिलोकपुर में अंग्रेजी विषय के शिक्षक थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही विद्यालय में शोक छा गया।शिक्षक-कर्मचारियों और छात्रों ने उन्हें सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और समर्पित शिक्षक के रूप में याद किया। कई छात्र अपने प्रिय शिक्षक के निधन से भावुक हो उठे। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और हाईस्कूल में पढ़ने वाली एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। यह घटना न केवल एक परिवार बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गहरा आघात बनकर सामने आई है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद


No Previous Comments found.