आगामी त्यौहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई कार्यवाही

बाराबंकी : बीते दिन जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सघन अभियान चलाया। इस दौरान बेलहरा बाजार में लगभग 2 क्विंटल कचरी नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 6500 रुपये बताई गई है। यह  कार्यवाही खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अंकिता यादव के नेतृत्व में की गई। टीम ने बेलहरा बाजार स्थित जुनैद किराना स्टोर और राहुल किराना स्टोर पर जांच की, जहां कचरी की गुणवत्ता खाद्य मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। मिलावटी या घटिया सामग्री उपभोक्ताओं तक न पहुंचे, यह सुनिश्चित करने के लिए मौके पर ही कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कचरी को नष्ट किया गया। डॉ. अंकिता यादव ने बताया कि त्योहारों के समय खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ जाती है, जिससे मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग बाजारों, दुकानों और गोदामों की नियमित जांच कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मिलावटी सामान बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. यादव ने दुकानदारों से अपील की कि वे केवल मानक के अनुरूप और सुरक्षित खाद्य सामग्री ही बेचें। उन्होंने आम जनता से भी अनुरोध किया कि यदि कहीं मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थ की बिक्री होती दिखे, तो उसकी सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के उपभोक्ताओं में भरोसा बढ़ा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसी नियमित जांच से मिलावट पर अंकुश लगेगा और त्योहारों में शुद्ध सामग्री मिलेगी।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.