दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार वृद्ध की मौत

बाराबंकी - रामनगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्लॉक कार्यालय के पास रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। हादसा शाम करीब चार बजे उस समय हुआ। जब ग्राम बरियारपुर निवासी 60 वर्षीय विजय कुमार तिवारी पुत्र रामखेलावन साप्ताहिक बाजार से सामान लेने साइकिल से जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्लॉक कार्यालय के सामने सड़क पार करते समय बहराइच की ओर जा रही तेज रफ्तार ओला कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय तिवारी साइकिल समेत दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक व कार में सवार यात्री वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय बाराबंकी रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया और जाम की स्थिति बन गई।उपनिरीक्षक शत्रुघ्न, आरक्षी सुजीत कुमार और सुनील चौहान ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

इधर जिला अस्पताल में मृतक को बिना किसी परिजन के लाए जाने के कारण पहचान में देरी हुई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ऐसी स्थिति में नियमानुसार शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया जाता है। बाद में सूचना मिलने पर परिजन जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर पहुंचे और शव मोर्चरी में रखे जाने को लेकर कर्मचारियों से नाराजगी जताई। सूचना पर अस्पताल चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.