कमला नेहरू पार्क नगर पालिका के सामने बदहाल ऐतिहासिक पार्क, अब जिलाधिकारी से उम्मीद*
बाराबंकी - शहर के बीचों-बीच, नगर पालिका परिषद कार्यालय के ठीक सामने स्थित कमला नेहरू पार्क आज बदहाली की मार झेल रहा है। कभी बच्चों की हंसी, बुजुर्गों की सैर और परिवारों की रौनक से गुलजार रहने वाला यह ऐतिहासिक पार्क अब टूटे झूलों, बंद पड़े फव्वारों, खराब लाइटिंग और कूड़े के ढेर के बीच अपनी पहचान खोता नजर आ रहा है। स्वतंत्रता सेनानी कमला नेहरू के सम्मान में बने इस पार्क का रखरखाव नगर पालिका परिषद की जिम्मेदारी है। लेकिन नगर पालिका कार्यालय के सामने होने के बावजूद इसकी स्थिति बेहद खराब है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्षों से न तो पार्क का सौंदर्यीकरण कराया गया और न ही मूलभूत सुविधाओं की मरम्मत पर ध्यान दिया गया। क्षेत्र के विधायक सुरेश यादव उर्फ धर्मराज यादव और नगर पालिका प्रशासन से लोगों को उम्मीद थी कि इस ऐतिहासिक पार्क की स्थिति सुधारी जाएगी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नजर नहीं आया। नगर पालिका अध्यक्ष शीला सिंह वर्मा के कार्यकाल में भी पार्क की बदहाली जस की तस बनी हुई है, जिससे नागरिकों में निराशा है। अब शहरवासियों की नजर बाराबंकी के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी पर टिकी है। लोगों को उम्मीद है कि जिलाधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे और पार्क के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए ठोस कार्रवाई करेंगे। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पार्क की मरम्मत कर इसे फिर से बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों के लिए सुरक्षित और आकर्षक बनाया जाए। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन और जनप्रतिनिधि जनता की आवाज सुनेंगे, और क्या जिलाधिकारी की पहल से कमला नेहरू पार्क को उसकी पुरानी पहचान और गरिमा वापस मिल पाएगी।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.