मसौली के 100 छात्रों ने किया आंचलिक विज्ञान केंद्र लखनऊ का शैक्षिक भ्रमण
बाराबंकी - उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण पर भेजने के लिए रविवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी मसौली जैनेन्द्र कुमार ने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ स्थित आंचलिक विज्ञान केंद्र की एक्सपोज़र विजिट के लिए रवाना किया। इस भ्रमण में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लगभग 100 छात्र-छात्राएं एवं उनके शिक्षक शामिल हुए। खण्ड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार ने बताया कि शैक्षिक भ्रमण केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के बौद्धिक क्षितिज के विस्तार, जिज्ञासा के संवर्धन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में नवाचार, अनुसंधान और तार्किक सोच को बढ़ावा देते हैं। आंचलिक विज्ञान केंद्र में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों, मॉडलों और प्रयोगात्मक गतिविधियों का अवलोकन किया। बच्चों ने विज्ञान के सिद्धांतों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझने का प्रयास किया। इस दौरान उनके भीतर वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। भ्रमण प्रभारी के रूप में एआरपी विज्ञान आशीष शुक्ला, वरिष्ठ एआरपी आदित्य वर्मा एवं शिक्षक राजीव श्रीवास्तव ने पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया। वहीं भ्रमण को सफल बनाने में एआरपी उमेश वर्मा, राजेश कुमार यादव, ब्लॉक गुणवत्ता समन्वयक विनोद वर्मा, शिक्षक सुरेश चंद्र, नरेंद्र कुमार, उमेश वर्मा, दीप्ति यादव, नेहा गुप्ता, रिचा सिंह, सर्वेश एवं अजय दीक्षित की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर - नफीस अहमद

No Previous Comments found.