उपजिलाधिकारी के निर्देश पऱ बंजर भूमि से अवैध कब्ज़ा तहसील प्रशासन द्वारा हटाया गया

फतेहपुर बाराबंकी : उपजिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में तहसील फतेहपुर अंतर्गत ग्राम अमरसण्डा, परगना कुर्सी, जनपद बाराबंकी में बंजर भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। यह कार्रवाई न्यायालय तहसीलदार फतेहपुर द्वारा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के अंतर्गत पारित बेदखली आदेश के अनुपालन में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अमरसण्डा स्थित भूमि गाटा संख्या 1147, रकबा 0.887 हेक्टेयर, जो राजस्व अभिलेखों में बंजर के रूप में दर्ज है, जिस पर मुजीब पुत्र बाबू द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया था। मामले की जांच और सुनवाई के उपरांत न्यायालय तहसीलदार फतेहपुर ने अवैध अतिक्रमण हटाने का आदेश पारित किया।
आदेश के अनुपालन में नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय की अध्यक्षता में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए अवैध कब्जा हटाया और भूमि को पुनः राजस्व अभिलेखों के अनुसार मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
प्रशासन के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का सर्किल रेट के अनुसार अनुमानित मूल्य ₹79,83,000 आंका गया है। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक व राजकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे राजकीय भूमि पर कब्जा न करें और यदि कहीं अवैध अतिक्रमण की जानकारी हो तो संबंधित तहसील अथवा प्रशासनिक कार्यालय को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.