अधिवक्ता शोएब उर्फ बॉबी किदवई हत्याकांड को लेकर वकीलों का डीएम कार्यालय घेराव,इंसाफ की मांग तेज
बाराबंकी - अधिवक्ता शोएब उर्फ बॉबी किदवई हत्याकांड को लेकर एक बार फिर अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। हत्या का अब तक खुलासा न होने से नाराज वकीलों ने जिला मुख्यालय पर एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।अधिवक्ताओं का कहना है कि 13 फरवरी 2026 को दिनदहाड़े लखनऊ–अयोध्या हाईवे पर शोएब उर्फ बॉबी किदवई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने कई जांच टीमें गठित कीं। लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग सका है। इससे अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। घेराव के दौरान वकीलों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अधिवक्ता रितेश मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मृतक अधिवक्ता के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और उनके परिवार को विधवा पेंशन प्रदान की जाए। वहीं अधिवक्ता राहुल मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम (Advocate Protection Act) लागू किया जाए। साथ ही अधिवक्ताओं को आत्मरक्षा के लिए रिवॉल्वर लाइसेंस जारी करने और टोल प्लाजा पर छूट देने की भी मांग की गई। वरिष्ठ अधिवक्ता रामलाल द्विवेदी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस इस पूरे मामले की जानकारी रखती है। परिवार के लोगों से भी बयान लिए जा चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन चाहे तो जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक दो घंटे के भीतर इस मामले का खुलासा करा सकते हैं। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की कार्यशैली अच्छी है। लेकिन पुलिस प्रशासन को भी अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय को अधिवक्ताओं की बात समझते हुए इस मामले का जल्द से जल्द निस्तारण करना चाहिए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही शोएब उर्फ बॉबी किदवई हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। तो अधिवक्ता आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो वे खुद अपनी सुरक्षा करने को मजबूर होंगे।इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और प्रशासन से न्याय की मांग करते रहे। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार वर्मा,वरिष्ठ उपाध्यक्ष रितेश मिश्रा,वरिष्ठ अधिवक्ता रामलाल द्विवेदी, अधिवक्ता राहुल मिश्रा,अधिवक्ता पवन मिश्रा,अधिवक्ता रमेश चंद वर्मा,कोषाध्यक्ष अनुराग शुक्ला,बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेश सिंह,अधिवक्ता शांति ओम रावत,कार्यकारिणी सदस्य हिमालय जायसवाल,अधिवक्ता मोहम्मद उमर समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर - नफीस अहमद

No Previous Comments found.