नन्दनकला को मिली बड़ी सौगातः बारात घर निर्माण का शिलान्यास,विधायक ने किया भूमि पूजन

फतेहपुर : बाराबंकी के नन्दनकला क्षेत्र में रविवार को विकास की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया।क्षेत्रीय विधायक ने प्रस्तावित बारात घर के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच आयोजित भूमि पूजन के साथ ही इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। इस मौके पर विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शादी-विवाह,सामाजिक बैठकें और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए समुचित व्यवस्था का अभाव लंबे समय से महसूस किया जा रहा था।बारात घर के निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधाजनक स्थान मिलेगा। बल्कि इससे सामाजिक आयोजनों को भी व्यवस्थित ढंग से संपन्न किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के विकास को प्राथमिकता दे रही है और इसी क्रम में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। बारात घर जैसे निर्माण कार्य ग्रामीण जीवन को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि इस बारात घर के बनने से न केवल नन्दनकला बल्कि आसपास के गांवों के लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा। अब शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए दूर-दराज के स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस अवसर पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि,ग्राम प्रधान,समाजसेवी और क्षेत्र के सम्मानित नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने इस विकास कार्य की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होकर निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.