जिला जज ने लोक अदालत की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक

बाराबंकी - उ0प्र0राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुक्रम में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत  के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से आज दिनांक- 07.03.26 को जनपद बाराबंकी के विभिन्न विभागों को शामिल करते हुये कार जागरूकता रैली निकाली गई। जिसे श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव जनपद न्यायाधीश ने सुबह 10.00 बजे न्यायालय गेट संख्या-1 से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गुजरी, जिसमें जेब्रा पार्क,नबी गंज,पीरबटावन,राजकमल,छाया चौराहा और पुलिस लाइन मुख्य रहे। इन क्षेत्रों में रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और आखिर में जनपद न्यायालय के गेट संख्या-2 पर पहुँचकर इसका समापन हुआ। रैली में शामिल वाहनों पर राष्ट्रीय लोक अदालत एवं उनके उनके विभागों के नामों के बैनर लगाये गये थे।श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव जनपद न्यायाधीश द्वारा अवगत कराया गया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व एवं लाभों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने अपने विभागों से संबंधित विवादों को आपसी सहमति एवं सुलह समझौते से निपटाने के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि आम जनमानस अपने अधिक से अधिक मामलों (राजस्व, बिजली, बैंक, यातायात चालान एवं अन्य वैकल्पिक विवाद) का निस्तारण संबंधित विभागों के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत में करा सकते हैं। इसक अतिरिक्त राष्ट्रीय लोक अदालत की समीक्षा बैठक में लोक अदालत में निस्तारण हेतु लंबित मामलों की प्रगति आख्या की गहन समीक्षा की गई।अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न विभागों से प्राप्त मामलों को लोक अदालत में रखा जाएगा। जिससे आम जनता को उनके मामलों का शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान मिल सके। समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त/नोडल अधिकारी प्रशासन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी/नोडल अधिकारी पुलिस, अग्रणी बैंक प्रबन्धक/नोडल अधिकारी बैंक के अतिरिक्त अन्य विभागों के नोडल अधिकारी, बैंकों के नोडल अधिकारी उपस्थित हुये। श्रीकृष्ण चन्द्र सिंह अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत के द्वारा प्रगति आख्या से जनपद न्यायाधीश को अवगत कराते हुये राजस्व प्रशासन से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के नोडल अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि वे सुनिश्चित करें कि राजस्व के सभी संभावित मामलों को लोक अदालत में रखा जाए और उनका निस्तारण कराया जाए। ऋण वसूली से जुड़े मामलों के अधिकाधिक निस्तारण के लिए सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया गया। उनसे कहा गया कि वे अपने-अपने बैंकों में लंबित ऋण खातों की समीक्षा करें और लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से वसूली के प्रयासों को प्राथमिकता दें। जिससे वादकारियों और बैंकों दोनों को लाभ मिल सके। लोक अदालत से संबंधित समन,नोटिस का शत-प्रतिशत तामील (वितरण) सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। उन्हें यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि संबंधित पक्षों तक समय पर सूचना पहुंचे, ताकि लोक अदालत की कार्यवाही में उनकी अधिकतम भागीदारी हो सके। श्रीमती शिवानी रावत सिविल जज सी0डि0/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आगामी लोक अदालत हेतु तैयार कराये गये पोस्टर,बैनर,हैण्डबिल इत्यादि को प्राप्त कर उसके द्वारा जन जन तक लोक अदालत की सूचना पहुंचाने के लिए सहयोग दिये जाने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त अधिकार मित्र (पी0एल0वी0) बैंक मित्र,लॉ कालेज के छात्र छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक,कार,मोटरसाइकिल व साइकिल जागरूकता रैलियों के आयोजन की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनता से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित मुकदमों का आपसी सहमति से निस्तारण करवाएं तथा न्याय पाने की इस सरल प्रक्रिया का हिस्सा बनें।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.