टोल प्लाजा घेराव कर भाकियू टिकैत का धरना, वार्ता के बाद स्थगित
मसौली बाराबंकी : पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गोंडा-बहराइच मार्ग पर शाहाबपुर स्थित टोल प्लाजा का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले धरने के बाद टोल प्रबंधन और भाकियू नेताओं के बीच आपसी सहमति बनने पर धरना स्थगित कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात रहा। बताया जाता है कि शाहाबपुर के पास स्थित टोल प्लाजा पर व्याप्त अनियमितताओं तथा टोल कर्मचारियों द्वारा वाहन चालकों से अभद्रता किए जाने की शिकायत को लेकर भाकियू टिकैत के बंकी ब्लॉक अध्यक्ष रामानन्द वर्मा ने एक सप्ताह पूर्व जिला प्रशासन को लिखित पत्र सौंपा था। पत्र में चेतावनी दी गई थी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 9 मार्च को टोल प्लाजा का घेराव किया जाएगा। इसी क्रम में सोमवार सुबह से ही भाकियू कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर जुटने लगे। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। ब्लॉक अध्यक्ष रामानन्द वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए टोल प्रबंधन पर कई आरोप लगाए। करीब दो घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद गरिमा पंत की मौजूदगी में टोल प्रबंधन और भाकियू पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई। वार्ता में टोल प्रबंधन की ओर से जीएम महेश मिश्रा, टोल मैनेजर अवनीश मित्रा तथा भाकियू के मंडल अध्यक्ष अनुपम वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। टोल प्रबंधन ने भविष्य में कमियों को दूर करने और शिकायतों के निस्तारण का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस अवसर पर भाकियू मंडल अध्यक्ष अनुपम वर्मा, बंकी ब्लॉक अध्यक्ष रामानन्द वर्मा, महामंत्री राम सेवक रावत, ओम प्रकाश, सतीश वर्मा, शिवनारायण सिंह, विशेष कुमार, धीरेन्द्र कुमार, शाहिद अली, राजेश वर्मा, अभिषेक, नौमी, राजू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.