नोडल अधिकारी नीना शर्मा ने विकास कार्यों व स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी की निदेशक व जनपद बाराबंकी की नोडल अधिकारी नीना शर्मा ने सोमवार को जिले के विभिन्न स्थानों का दौरा कर विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। सबसे पहले उन्होंने जिला अस्पताल के पास बेगमगंज में निर्माणाधीन 50 शैय्या क्रिटिकल केयर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में बनने वाले कमरों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक बेड तक ऑक्सीजन गैस की पाइपलाइन व्यवस्था सुचारु रखने, फायर सेफ्टी और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में स्थापित ऑक्सीजन गैस प्लांट का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि इस प्लांट से नए क्रिटिकल केयर अस्पताल तक पाइपलाइन के माध्यम से ऑक्सीजन आपूर्ति संभव न हो तो वहां नया ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों व तीमारदारों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। इसके बाद नोडल अधिकारी ने राजकीय कार्यालय परिसर में बने ट्रांजिट हॉस्टल और नवाबगंज विस्तारित क्षेत्र में निर्माणाधीन कल्याण मंडप का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने तथा परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में वह गांधीनगर वार्ड पहुंचीं, जहां स्थानीय नागरिकों ने नाली, सड़क और स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जहांगीराबाद स्थित बृहद गौ संरक्षण केंद्र (निबलेट) का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गौवंश को गुड़-चना खिलाया और गौमूत्र के संग्रहण व उपयोग की व्यवस्था विकसित करने तथा बीमार पशुओं की विशेष देखभाल के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से बरगद का पौधा भी रोपा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मुजीबपुर का भी दौरा कर छात्राओं को मिलने वाले भोजन और शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा का निरीक्षण कर ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, वार्ड तथा ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वार्ड में भर्ती प्रसूता महिलाओं से बातचीत कर उन्हें पौष्टिक भोजन, हरी सब्जियां और फल लेने की सलाह दी। इस दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सूदन, एडीएम निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सिरौलीगौसपुर तेजस के, एसडीएम नवाबगंज आनंद तिवारी, सीएमओ डॉ. अवधेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.