पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज सूरतगंज के 40 छात्र-छात्राओं का चंडीगढ़,पंजाब,हरियाणा शैक्षिक भ्रमण का मिला मौका

बाराबंकी : सूरतगंज  में स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के 40 छात्र-छात्राओं को 5 दिवसीय प्रदेश से बाहर शैक्षिक भ्रमण का अवसर मिला। यह भ्रमण 6 मार्च से 10 मार्च तक जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को चंडीगढ़ स्थित सीआरआरआईडी, पंजाब के मोहाली स्थित आईआईएसईआर तथा हरियाणा के पिंजौर में स्थित वल्चर कंजर्वेशन एंड ब्रीडिंग सेंटर का भ्रमण कराया गया। पूरे भ्रमण के दौरान विद्यालय के शिक्षक संजय कुमार और रावेंद्र वर्मा छात्रों के साथ रहे और उनकी देखरेख की। छात्र-छात्राओं को वातानुकूलित रेल कोच द्वारा चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां उनके ठहरने के लिए वातानुकूलित होटल की व्यवस्था की गई थी। साथ ही सुबह नाश्ता तथा दोपहर और रात्रि भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। पिंजौर स्थित वल्चर कंजर्वेशन एंड ब्रीडिंग सेंटर में छात्रों ने गिद्धों की विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्हें बताया गया कि गिद्धों को प्रकृति का सफाई कर्मचारी भी कहा जाता है। और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने आईआईएसईआर मोहाली का भ्रमण किया। जहां उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे शोध कार्यों और प्रयोगशालाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं चंडीगढ़ स्थित सीआरआरआईडी में छात्रों ने सोशल रिसर्च और ग्रामीण विकास से संबंधित विषयों तथा सरकारी योजनाओं के संचालन की प्रक्रिया को समझा। वापसी के दौरान छात्र-छात्राओं को मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक हवाई जहाज से यात्रा कराई गई। पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें उच्च शिक्षा, शोध कार्यों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के बारे में जानकारी प्रदान करना था।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.