मेधावियों संग अभिभावकों का भी हुआ सम्मान, सरस्वती ज्ञान कुंज में प्रतिभा अलंकरण समारोह संपन्न
रामनगर (बाराबंकी) : ब्लॉक सूरतगंज क्षेत्र के बाबापुरवा मजरे बरैय्या स्थित सरस्वती ज्ञान कुंज विद्या पीठ में सोमवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ भव्य प्रतिभा अलंकरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा आठ तक के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में कक्षा 8 के छात्र विशाल गुप्ता को मानव शरीर के महत्वपूर्ण अंग ‘दिल’ का सचित्र एवं प्रभावशाली वर्णन प्रस्तुत करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विद्यालय प्रशासन ने केवल विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि अनुशासन और विद्यालय के नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने वाले अभिभावकों को भी ‘आदर्श अभिभावक सम्मान’ से नवाजा, जिससे आयोजन को एक अलग पहचान मिली। मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष शेखर हयारण ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र की सफलता के पीछे शिक्षक और अभिभावकों का समान योगदान होता है। उन्होंने कहा कि मेधावियों की उपलब्धियों के पीछे अभिभावकों का मूक त्याग और समर्पण छिपा होता है, जो बच्चों को सही दिशा और सकारात्मक वातावरण प्रदान करता है।विद्यालय प्रबंधन की ओर से अरुण कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा, उपाध्यक्ष राजू गोस्वामी, सत्य प्रकाश नाग एवं मंडल उपाध्यक्ष सुनील वर्मा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। अभिभावकों ने तालियों की गूंज के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह की सफलता में विद्यालय परिवार के अरुण मिश्रा, विवेक मिश्रा, श्यामू, उदित निगम, कन्हैया, आर्यन, बबली, पूजा वर्मा, चेतन वर्मा, स्वीटी वर्मा, शिवानी मिश्रा एवं रोली मौर्या का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन मुख्य वक्ता डॉ. अनिल वर्मा (भौतिक प्रवक्ता) ने प्रभावशाली ढंग से किया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.