स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ, रैली निकालकर शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

बाराबंकी : शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा (भुल्लन) एवं जिला उपाध्यक्ष मनीष परिहार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक ओ० पी० त्रिपाठी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्कूल चलो अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।अपने संबोधन में राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए ‘कन्या सुमंगला योजना’ पर विशेष प्रकाश डाला। भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने बताया कि बच्चों को जूता, मोजा, बैग आदि सुविधाओं के लिए धनराशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर दिया। हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत ने कहा कि कायाकल्प योजना के माध्यम से विद्यालयों का स्वरूप बदला है, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल रहा है। मुख्य अतिथि ने सभी विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली राजकीय इंटर कॉलेज से निकलकर लखपेड़ाबाग चौराहा होते हुए पुनः ऑडिटोरियम पहुंची।जिसमें शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार, अश्विनी प्रताप, चंद्र शेखर यादव, प्रमोद उपाध्याय, संजय कुमार सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.