सिरौलीगौसपुर में किसानों की हुंकार, मांगें पूरी न होने पर बड़ा आंदोलन की दी चेतावनी: सन्तोष तिवारी

बाराबंकी - सिरौलीगौसपुर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भारतीय अवस्थी किसान संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक अमरा कटेहरा स्थित भवानी मंदिर परिसर के हनुमान मंदिर पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष सन्तोष तिवारी ने की जिसमें क्षेत्र के दर्जनों किसान पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक के दौरान किसानों की लंबित समस्याओं पर चर्चा करते हुए प्रशासन को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष सन्तोष तिवारी ने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें अवगत नहीं कराया गया, तो संगठन धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल जैसे आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने प्रमुख मांगों में अमरा कटेहरा माता मंदिर परिसर में हाईमास्ट लाइट लगवाने, कम से कम दो इंडिया मार्का टू हैंडपंप स्थापित कराने और खजुरी माइनर की सही ढंग से खुदाई कराकर टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।।इसके अलावा उन्होंने विकास खंड दरियाबाद में मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत वर्ष 2024-25 में किसानों द्वारा कराए गए बोरिंग आवेदनों पर अब तक कार्यवाही न होने पर नाराजगी जताई और जल्द बोरिंग कराने की मांग उठाई। बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष अनीता रस्तोगी ने कहा कि वर्तमान समय में किसानों की आवाज अनसुनी की जा रही है, जिससे अधिकारी और कर्मचारी बेलगाम हो गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो किसान आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। महिला विंग की अध्यक्ष फुलझारा रावत ने कहा कि अधिकांश अधिकारी भी किसान परिवार से आते हैं, इसलिए उन्हें अन्नदाता की समस्याओं को समझते हुए न्याय करना चाहिए। बैठक में सुशीला गोस्वामी, वीर विक्रम सिंह, राम केदार रावत, मंशाराम, मायाराम गौतम और कमलेश रावत सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं और किसान संगठन के सदस्यों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान श्री हनुमान जी और माता कटेहरा भवानी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.