बैशाखी पूर्णिमा पर कोटवाधाम में आस्था का सैलाब, डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही
बाराबंकी : बैशाखी पूर्णिमा के पावन अवसर पर कोटवाधाम स्थित बड़े बाबा के दरबार में आस्था का जनसैलाब उमड़ा। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र अभरन सरोवर में आचमन कर स्वामी जी की समाधि पर चादर व प्रसाद अर्पित कर मनोकामनाएं मांगीं और विश्व कल्याण की कामना की।जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मेले में पहुंचकर मंदिर परिसर, अभरन सरोवर व व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा ड्योढ़ी पर माथा टेककर पूजा-अर्चना की। उन्होंने बताया कि मेला शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहा है।श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अभरन सरोवर के विकास के लिए पर्यटन विभाग को आवंटित धनराशि का शीघ्र टेंडर कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पीएसी, विभिन्न थानों की पुलिस, महिला पुलिस, फायर ब्रिगेड, राजस्व कर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। ट्रैफिक व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त रही। मेला चौकी पर बने खोया-पाया केंद्र के माध्यम से बिछड़े बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया गया।श्रद्धालुओं की सेवा में भी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।कोटवाधाम चौराहे के पास सबरी आश्रम में महंत कमलेश दास व अन्य सहयोगियों द्वारा प्याऊ लगाकर हजारों श्रद्धालुओं को शरबत पिलाया गया। मेले में मिठाई, प्रसाद, कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन, बर्तन व खानपान की दुकानों पर अच्छी रौनक देखने को मिली। बड़ी गद्दी के महंत नीलेन्द्र बक्श दास व छोटी गद्दी के महंत विशाल दास सहित संतों ने श्रद्धालुओं को सत्य, संयम और शाकाहार का संदेश देते हुए धर्ममार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। वहीं गौसेवा के तहत महंत नीलेन्द्र बक्श दास व भाजपा नेता पुष्पेंद्र शुक्ला ने 50-50 कुंटल भूसा दान किया, जबकि सीतादेवी महाविद्यालय पारिजात धाम के प्राचार्य ने 25 कुंतल भूसा गौशालाओं के लिए भेंट किया। जिलाधिकारी ने दानदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज, तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा, रामनगर पुलिस उपाधीक्षक गरिमा पंत सहित प्रशासनिक व सामाजिक क्षेत्र के दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद


No Previous Comments found.