फतेहपुर क्षेत्र से लापता युवक का शव बदोसराय थाना के करसैला झाल से मिला
बाराबंकी : बाराबंकी के फतेहपुर में चार दिन से लापता मोहल्ला जोशी टोला निवासी 18 वर्षीय युवक चंदन वाल्मीकि पुत्र राजन बाल्मीकि का शव मंगलवार देर रात नहर से बरामद हुआ। बदोसराय थाना क्षेत्र के करसैला झाल में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
चंदन 3 तारीख की दोपहर से लापता था। परिजनों की तलाश के दौरान उसकी मोटरसाइकिल शारदा सहायक नहर के किनारे एक पुलिया पर संदिग्ध हालत में मिली थी। मोटरसाइकिल की डिग्गी में उसके कपड़े और चाबी रखी थी, जबकि पास ही उसकी चप्पलें भी पड़ी मिली थीं।
अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार नहर में सर्च अभियान चला रही थी।
मंगलवार देर रात बदोसराय थाना क्षेत्र के करसैला झाल में एक युवक का शव पानी में देखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान चंदन वाल्मीकि के रूप में की। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
युवक का शव मिलने से परिजनों में दुख का माहौल है और पूरे मोहल्ले में शोक व्याप्त है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.