मसौली मानकों को अनदेखी कर संचालित स्कूलों पर हुई कार्यवाही
बाराबंकी - क्षेत्र में गैर-मान्यता प्राप्त तथा आरटीई 2009 के मानकों की अनदेखी कर संचालित निजी विद्यालयों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। खंड शिक्षा अधिकारी जैनेंद्र कुमार की जांच में कई विद्यालयों में मान्यता से अधिक कक्षाएं चलती मिलीं और बुनियादी सुविधाओं का अभाव पाया गया। जांच के दौरान आनंद विहार कॉवेंट स्कूल (मसौली चौराहा) में कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता पाई गई! जबकि नर्सरी से कक्षा 10 तक संचालन होता मिला। निरीक्षण के समय मौजूद शिवांगी ने इसकी पुष्टि की। विद्यालय में प्रत्येक कक्षा में दो निकास द्वार, सुरक्षित पेयजल शौचालय व्यवस्था और क्रियाशील अग्निशमन यंत्र जैसी अनिवार्य सुविधाएं नहीं थीं। विद्यालय वाहन के फिटनेस प्रपत्र और मान्यता दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसी प्रकार न्यू पब्लिक स्कूल मसौली में कक्षा 5 तक की मान्यता के दस्तावेज मिले जबकि उच्च कक्षाएं संचालित होती पाई गईं। डिलाइट पब्लिक प्राइमरी स्कूल की मान्यता कक्षा 1 से 5 तक की होने के बावजूद मसौली में उच्च कक्षाएं चलती मिलीं और जांच में यह भी सामने आया कि मान्यता किसी अन्य स्थान की है। आइडियल स्कूल मसौली में कक्षा 1 से 5 एवं 9 से 10 तक की मान्यता के कागजात मिले, लेकिन कक्षा 6 से 8 तक के मान्यता प्रपत्र प्रस्तुत नहीं किए जा सके। यहां भी बच्चों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव पाया गया। कस्बा बड़ागांव में संचालित असादुल उलूम मदरसा बड़ागांव की मान्यता तहतानिया स्तर तक की पाई गई, जबकि वहां बेसिक शिक्षा परिषद की पुस्तकों से पढ़ाई कराई जा रही थी। मदरसा टीन शेड में संचालित मिला और मौके पर आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध नहीं कराए जा सके। खंड शिक्षा अधिकारी जैनेंद्र कुमार ने बताया कि जिन विद्यालयों में मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित मिलीं, उन्हें तत्काल बंद कराते हुए नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
रिपोर्टर - नफीस अहमद


No Previous Comments found.