एसडीएम अनिल कुमार सरोज ने औलिया लालपुर गौशाला का किया निरीक्षण
बाराबंकी - भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने शुक्रवार को औलिया लालपुर गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंशों को गर्मी से बचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एसडीएम के साथ हल्का लेखपाल आशुतोष मिश्रा, ग्राम पंचायत सचिव रवि सरोज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 424 गौवंश मौजूद पाए गए। उपजिलाधिकारी ने गौशाला संचालकों और सेवादारों को निर्देशित किया कि तेज धूप और लू से पशुओं की सुरक्षा के लिए टीन शेड पर बोरे डलवाए जाएं तथा शेड के किनारों पर पल्ली बांधी जाए, ताकि गर्म हवाओं से बचाव हो सके। निरीक्षण के बाद उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने बताया कि गौशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली। पशुओं के लिए पीने का पानी, भूसा, हरा चारा, साइलेज, नमक और पशु आहार पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने गौशाला कर्मचारियों को निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम में पशुओं की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
रिपोर्टर - नफीस अहमद


No Previous Comments found.