ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगलवार के अवसर पर कोतवाली में भंडारे का आयोजन
बाराबंकी : जेष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगलवार के अवसर पर फतेहपुर कोतवाली परिसर में आस्था, सेवा और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत संगम देखने को मिला। थाना परिसर के सामने कोतवाल अमित प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ के सहयोग से एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत थाना परिसर में स्थित हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद हनुमान जी को भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शुरू हुआ। इस दौरान क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया, कोतवाल अमित प्रताप सिंह सहित थाना स्टाफ के सभी पुलिसकर्मी सेवा भाव के साथ लोगों को बूंदी की मिठाई और ठंडा पानी वितरित करते नजर आए।
भीषण गर्मी के बीच पुलिस द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। आमतौर पर पुलिस को कानून व्यवस्था तक सीमित मानने वाले लोगों के बीच इस आयोजन ने पुलिस की मानवीय और संवेदनशील छवि को मजबूत किया। राहगीरों, ग्रामीणों और बाजार आने-जाने वाले लोगों ने पुलिस कर्मियों के इस व्यवहार की खुले दिल से प्रशंसा की।
भंडारे में पुलिस कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरी व्यवस्था को बेहद अनुशासित तरीके से संभाला। लोगों का कहना था कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और पुलिस व जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाते हैं।
कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़ी रहती है। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सहभागिता से आपसी भाईचारा बढ़ता है और समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.