अवध एकेडमी की जांच के दौरान, एसडीएम को निरीक्षण में मिलीं खामियां

बाराबंकी : बच्चों की सुरक्षा को लेकर पहले से विवादों और गंभीर हादसों के कारण चर्चा में रही जहांगीराबाद स्थित अवध एकेडमी एक बार फिर प्रशासनिक जांच के घेरे में आ गई है। गुरुवार को एसडीएम सदर गुंजिता अग्रवाल, तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विद्यालय परिसर पहुंचकर भवन और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर कमियां सामने आने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम गुंजिता अग्रवाल ने विद्यालय के कई कमरों का निरीक्षण किया और भवन की स्थिति का जायजा लिया। टीम विद्यालय के पिछले हिस्से में भी पहुंची, जहां खिड़कियों, दरवाजों और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की गई। निरीक्षण में कई खिड़कियां और दरवाजे टूटे हुए व अमानक पाए गए। इस पर एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की नाप लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए!एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि असुरक्षित और मानकों के विपरीत बने भवन में किसी भी हालत में शिक्षण कार्य संचालित नहीं कराया जा सकता। हाल ही में कराए गए निर्माण कार्य को भी उन्होंने मानकों के अनुरूप नहीं माना!विद्यालय के मुख्य गेट की जर्जर हालत पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में इसी विद्यालय में बड़ा हादसा हुआ था, जब करीब 20 फीट लंबा छज्जा अचानक गिर गया था। हादसे में लगभग 40 बच्चे घायल हो गए थे। जांच में यह भी सामने आया था कि विद्यालय को केवल कक्षा आठ तक मान्यता प्राप्त थी! जबकि वहां इंटर तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं!इसके बाद विद्यालय सील किया गया था और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई भी हुई थी। बाद में भी विद्यालय संचालन को लेकर विवाद जारी रहा!प्रशासनिक जांचों में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद विद्यालय की मान्यता निरस्त कर एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।
एसडीएम गुंजिता अग्रवाल ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.