गिरफ्तारी में देरी पर पत्रकारों में उबाल, राज्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
बाराबंकी : पत्रकारों और भगवान श्रीराम पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से नाराज़ ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने रविवार को खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संतोष शुक्ला एवं जिला महामंत्री दीपक सिंह सरल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बीते 08 मई को सूरतगंज क्षेत्र के एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार सत्यवान पाल के मोबाइल फोन पर जिला पंचायत तृतीय सूरतगंज प्रतिनिधि बलराज सिंह उर्फ बल्लू ने एक अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर पत्रकारों को भद्दी गालियां दीं। आरोप है कि बातचीत के दौरान भगवान श्रीराम को लेकर भी अभद्र टिप्पणी की गई, जिससे पत्रकारों तथा सनातन धर्म के अनुयायियों में भारी रोष व्याप्त है। ज्ञापन में कहा गया कि 10 मई को तहसील अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा के नेतृत्व में पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल मोहम्मदपुर खाला कोतवाली पहुंचा था, जहां मामले में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई!पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद एक सप्ताह बीत जाने पर भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पत्रकार संगठनों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि पत्रकारों के साथ अभद्रता, धमकी अथवा अपमानजनक व्यवहार करने वालों के खिलाफ 24 घंटे के भीतर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, लेकिन इस मामले में पुलिस की सुस्ती कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही राज्यमंत्री से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
इस दौरान रंजीत गुप्ता, तहसील अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा,प्रेम नारायण सिंह, शिवम मिश्रा, बालेंद्र कुमार निडर, आशीष यादव, सत्य प्रकाश नाग, अमित कुमार, उमेश श्रीवास्तव, मोहम्मद वसीक, नीरज शुक्ला, धीरेन्द्र सिंह पटेल, रामकरन रावत, राजू गोस्वामी, धनंजय मिश्रा, रूपेश मिश्रा एवं मुकेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.