संदिग्ध अवस्था में बाग़ में मिला किसान, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत,पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

फतेहपुर/बाराबंकी : थाना बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम तरावां निवासी बृजेश कुमार (55) पुत्र भगौती प्रसाद मंगलवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गए थे। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। देर शाम गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गौरा चौकी के पास स्थित एक बाग में वह घायल अवस्था में पड़े मिले। यह दृश्य देखकर परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों की मदद से परिजन आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की छानबीन की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
मृतक बृजेश कुमार खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी मालती देवी, पुत्र अंशू (25), पुत्री प्रिसी (20) तथा बेटी निधि वर्मा (27) हैं, जिनकी शादी बीती 22 अप्रैल को हुई थी। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.