भीषण गर्मी में रोस्टिंग और अघोषित कटौती से ग्रामीण बेहाल 18 घंटे आपूर्ति का दावा खोखला

बाराबंकी : समस्त ग्रामीण फीडरों पर एक घंटा, दो घंटा और तीन घंटा रोस्टिंग के लगातार आ रहे संदेशों के बीच ग्रामीण उपभोक्ताओं की रातें जागकर कट रही हैं। करीब 12 घंटे की रात में 7 घंटे तक रोस्टिंग होने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है जिससे ग्रामीण बीमार पड़ने लगे हैं। ऐसे में सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे बेमानी साबित हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी रोष व्याप्त है। भीषण गर्मी और नवतपा के प्रचंड ताप के बीच रोस्टिंग तथा अघोषित बिजली कटौती ने ग्रामीण उपभोक्ताओं का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अत्यधिक लोड और मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली काटी जा रही है। इससे इनवर्टर जवाब दे रहे हैं और कूलर-पंखे बंद होने से लोग गर्मी से बेहाल हैं। विद्युत उपकेंद्र मसौली के आधा दर्जन फीडरों से करीब दो सैकड़ा से अधिक गांवों की लगभग ढाई लाख आबादी को बिजली आपूर्ति की जाती है। लेकिन वर्तमान समय में क्षेत्र में बामुश्किल 6 से 7 घंटे ही बिजली मिल पा रही है!उपभोक्ताओं का कहना है कि सूरज ढलते ही रोस्टिंग का सिलसिला शुरू हो जाता है और हर आधे घंटे बिजली आने के बाद फिर एक दो या तीन घंटे की रोस्टिंग का मैसेज आने लगता है जो सुबह तक जारी रहता है। ग्राम मसौली के मोहल्ला भूलीगंज निवासी सैफ मसौली कटरा निवासी जावेद हुसैनगंज निवासी मो० हसन और खालिद का कहना है कि बिजली न रहने से उमसभरी गर्मी में लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ रही है। पंखे कूलर और पानी की व्यवस्था ठप होने से बच्चों बुजुर्गों महिलाओं और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। बड़ागांव निवासी उपभोक्ता अजमी किदवई ने बताया कि हर दिन आधे घंटे बिजली आने के बाद दो से तीन घंटे की रोस्टिंग कर दी जाती है और रात में तीन से चार बार रोस्टिंग का दंश झेलना पड़ता है। वहीं बड़ागांव निवासी मोहित यादव का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति तय है! लेकिन इस भीषण गर्मी में 7 से 8 घंटे ही बिजली मिल रही है वह भी लगातार नहीं। उपभोक्ता मायाराम यादव ने बताया कि यदि कटौती का समय निर्धारित कर दिया जाए तो लोग अपने जरूरी कार्य समय से निपटा लें, लेकिन बीच-बीच में हो रही कटौती से भारी परेशानी उठानी पड़ रही है!ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की रात 8.30 बजे से 10.30 बजे तक रोस्टिंग रही। इसके बाद मात्र 15 मिनट बिजली आई और फिर दो घंटे की कटौती कर दी गई। आधा घंटा आपूर्ति बहाल रहने के बाद पुनः तीन घंटे की रोस्टिंग कर दी गई। देर रात करीब 3.30 बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। इस संबंध में जब उपभोक्ताओं ने हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई तो वहां से बताया गया कि रात 11:45 बजे के बाद कोई रोस्टिंग नहीं है! जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि पूरी रात बिजली गायब रहती!

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.