भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए राहत.सिरौलीगौसपुर के 39 अमृत सरोवरों में भरवाया गया पानी
सिरौलीगौसपुर बाराबंकी : भीषण गर्मी और उमस के बीच पशु-पक्षियों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विकास खंड सिरौलीगौसपुर प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता के निर्देश पर ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम सचिवों ने ग्राम प्रधानों के सहयोग से क्षेत्र के 39 अमृत सरोवर तालाबों में पानी भरवाकर बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए राहत की व्यवस्था कराई है!गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए गांवों में तालाबों और जलस्रोतों के सूखने से पशु-पक्षियों को पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर विभिन्न अमृत सरोवरों में पानी भरवाया, जिससे मवेशियों, आवारा पशुओं और पक्षियों को पेयजल मिल सके। खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि विरौली, मुश्काबाद, महमूदाबाद, ठाकुरपुर, खुर्दमऊ समेत कुल 39 अमृत सरोवरों में ग्राम प्रधानों के माध्यम से पानी भरवाया गया है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों की सुरक्षा और उन्हें पानी उपलब्ध कराना सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अमृत सरोवरों में पानी भरने से न केवल पशु-पक्षियों को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के प्रति भी लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.