क्षेत्र में अकीदत व उल्लास के साथ अदा हुई ईद उल अजहा की नमाज़
मसौली बाराबंकी : कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) गुरुवार को क्षेत्र भर में अकीदत और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ईदगाहों और मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अता की गई। नमाज के बाद नमाजियों ने मुल्क की तरक्की अमन चैन बरकत और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
कस्बा बड़ागांव ईदगाह में मौलाना सगीर अहमद अंसारी, ईदगाह मसौली में हजरत मौलाना सैय्यद गुलजार शाह इस्माईली, कस्बा सआदतगंज ईदगाह में हाफिज सिराजुद्दीन, मस्जिद पचासा में मुफ्ती आरिफ, मस्जिद ए मरकज़ में हाफिज अब्दुल्ला, मस्जिद मक्की में मौलाना अकील, मस्जिद ए मदनी में मौलाना अयाज, कस्बा रामपुर कटरा में मौलाना अरकम, शहाबपुर में मौलाना इमरान नदवी तथा सुरसंडा में मास्टर समीमउद्दीन ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई और देश की सलामती के लिए दुआएं कीं।
नमाज अदा होने के बाद लोगों ने अल्लाह की राह में पशुओं की कुर्बानी दी। ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी, थानाध्यक्ष सफदरगंज अमर कुमार चौरसिया, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शमशाद अली तथा सआदतगंज चौकी प्रभारी मिथलेश चौहान पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.