आंधी पानी आने के कारण 33 केवी विद्युत लाइन का इंसुलेटर ब्लास्ट साढ़े छः घंटे आपूर्ति बाधित
मसौली बाराबंकी : आंधी-पानी के चलते 33 केवी विद्युत लाइन का इंसुलेटर ब्लास्ट हो जाने से शुक्रवार तड़के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब साढ़े छह घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर सुबह के समय पेयजल संकट गहरा गया और उपभोक्ता एक-एक बूंद पानी को तरसते रहे!जानकारी के अनुसार शुक्रवार की भोर करीब साढ़े तीन बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई!सुबह होते ही एसडीएम शुएब जमाल के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम ने 33 केवी लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की। जांच के दौरान दहेजिया स्थित इंडियन गैस गोदाम के निकट इंसुलेटर ब्लास्ट होने से लाइन में फाल्ट पाया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य शुरू किया और करीब सुबह 10 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विद्युत उपकेंद्र मसौली के अंतर्गत आधा दर्जन फीडरों से करीब दो लाख आबादी वाले लगभग 200 गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। इनमें मसौली, भूलीगंज, दहेजिया, नौबस्ता, ज्योरी, बड़ागांव, धरौली, नेवला, करसंडा, मसौली चौराहा, मसौली बाजार, कटरा, मदारपुर, मुंजापुर और देवकालिया क्षेत्र शामिल हैं। जेई लाल जी ने बताया कि इंसुलेटर ब्लास्ट होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे सही कर बिजली सप्लाई सुचारु रूप से चालू करा दी गई है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद


No Previous Comments found.