बेलहरा में गैस सिलेंडर की पाइप से लगी भीषण आग, पूरा परिवार गंभीर रूप से झुलसा

बाराबंकी : जनपद के बेलहरा कस्बे में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वार्ड नंबर 4 में गैस सिलेंडर की पाइप में अचानक आग लगने से दिहाड़ी मजदूर का पूरा परिवार गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया!ग्रामीणों ने किसी तरह आग की लपटों के बीच फंसे परिवार को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार बेलहरा चौकी क्षेत्र निवासी अल्लू सोनी अपनी पत्नी वीना सोनी (36 वर्ष), 13 वर्षीय बेटी वैष्णवी और ढाई वर्षीय बेटे बालाजी के साथ एक छोटे से मकान में रहते हैं। मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करने वाले अल्लू सोनी के घर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक उस समय हादसा हो गया, जब उनकी पत्नी वीना रसोई में खाना बना रही थीं। बताया जा रहा है कि खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से जुड़ी पाइप में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया!कमरे में मौजूद परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते उससे पहले ही चारों तरफ धुआं और आग की लपटें फैल गईं।परिवार ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि कुछ भी करना संभव नहीं हो सका!परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर किसी तरह आग में घिरे चारों लोगों को बाहर निकाला। तब तक अल्लू सोनी, उनकी पत्नी वीना, बेटी वैष्णवी और मासूम बालाजी गंभीर रूप से झुलस चुके थे। बच्चों की दर्दभरी चीखें सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं!ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल चारों की हालत नाजुक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार बेहद गरीब है और गैस कनेक्शन की पाइप काफी पुरानी व जर्जर हो चुकी थी। आर्थिक तंगी के चलते परिवार पाइप बदलवा नहीं सका। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पाइप बदल दी जाती तो शायद इतना बड़ा हादसा टल सकता था। हादसे के बाद परिवार का घर और सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। कमाने वाला पूरा परिवार अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की है।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.