हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर आयोजित हुआ विचार गोष्ठी कार्यक्रम
बाराबंकी - फतेहपुर हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर फतेहपुर स्थित बाबा मैरिज लॉन में पत्रकारों की एक विशेष विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और हिन्दी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा,वर्तमान चुनौतियों तथा पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता यादवेन्द्र प्रताप यादव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ हिन्दी पत्रकारिता के इतिहास और उसके योगदान पर चर्चा के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक समाज को जागरूक बनाने, जनभावनाओं को स्वर देने और लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पत्रकारिता समाज का दर्पण होने के साथ-साथ जनसरोकारों की आवाज भी है। इसलिए पत्रकारों का दायित्व है कि वे निष्पक्षता, सत्यता और निर्भीकता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने बदलते दौर में पत्रकारिता के सामने खड़ी चुनौतियों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तकनीक और सोशल मीडिया के विस्तार ने समाचारों के प्रसार को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं का खतरा भी बढ़ा है। ऐसे समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे तथ्यों की पुष्टि कर समाज तक सही जानकारी पहुंचाएं। वक्ताओं ने पत्रकारिता के मूल मूल्यों को बनाए रखने और युवा पत्रकारों को नैतिक पत्रकारिता के लिए प्रेरित करने पर बल दिया। इसके उपरांत हाल ही में दिवंगत हुए वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय विजयराम जायसवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने स्व. जायसवाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में निष्पक्षता, ईमानदारी और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके द्वारा किए गए कार्य और पत्रकारिता के प्रति समर्पण भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। कार्यक्रम में पत्रकार एकता, संगठन की मजबूती तथा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को अपने अधिकारों के साथ-साथ समाज और लोकतंत्र के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना होगा। पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम है, जिसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया जाना चाहिए कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेम चन्द्र पाल, व समाज सेवी डॉ अंजू चन्द्रा उपस्थित रहीं
इस अवसर पर वहां वरिष्ठ पत्रकार डीके सिंह,राजेश जायसवाल,नलिन निगम,राजीव नयन तिवारी,संतोष मिश्रा,राम लक्ष्मण, वीरेन्द्र सिंह,संजय शर्मा,नीरज शर्मा,सर्वेश श्रीवास्तव,नफीस अहमद,हायतुऱ रहमान,सैय्यद खालिद महमूद,सचिन कुमार,अहमद सईद,रंजीत रावत,सत्यवान पाल, रिजवान मुनीर,प्रियंक शर्मा,संतोष गुप्ता,जावेद अख्तर,दीपक सरल,गणेश शंकर मिश्रा, फहीम सिद्दीकी सहित अनेक पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन हिन्दी पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखने तथा समाजहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.