आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने विभिन्न समस्याओ को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर/बाराबंकी : आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पदाधिकारियों ने गुरुवार को क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार वैशाली अहलावत को सौंपा। ज्ञापन में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि एनटीए, यूपीपीएससी, यूपीएसएससीबी और यूपीपीबीपीबी जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करने वाली सरकारी एजेंसियों में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए जननायक एक्सप्रेस (15211 अप एवं 15212 डाउन) का दो मिनट का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। पदाधिकारियों का कहना था कि सुबह के समय गोंडा-सीतापुर पैसेंजर ट्रेन के अक्सर निरस्त या कई घंटे विलंब से चलने के कारण सीतापुर, शाहजहांपुर और बरेली जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा क्षेत्र में लगाए गए स्मार्ट मीटरों में गलत यूनिट दर्ज होने की शिकायत करते हुए इन्हें हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाने की मांग की गई। पार्टी ने सेवली स्थित अंबेडकर पार्क की बंजर भूमि, जहां वर्ष 1996 से महात्मा बुद्ध, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संत रविदास की प्रतिमाएं स्थापित हैं, उसे राजस्व अभिलेखों में पार्क के नाम दर्ज कराने की भी मांग रखी।
ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 22 जून 2026 से विधानसभा क्षेत्र 266 कुर्सी में "सत्ता परिवर्तन यात्रा" निकाली जाएगी। यह यात्रा विधानसभा के प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर गुलाब बौद्ध, विपिन कुमार, अवधेश कुमार, देवीदीन, यशवंत, मनीष, रामकुमार, दिनेश, विष्णु, शिवनंदन, सुजीत, मोहित सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.