पीएचसी त्रिलोकपुर में शोपीस बनी एटीएम स्वास्थ्य जांच मशीन मरीजों को नहीं मिल रहा लाभ
मसौली बाराबंकी : ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) त्रिलोकपुर में स्थापित की गई एटीएम स्वास्थ्य जांच मशीन शोपीस बनकर रह गई है। मरीजों का आरोप है कि मशीन से जांच नहीं की जा रही है और उन्हें केवल मैन्युअल जांच के बाद वापस भेज दिया जाता है।रविवार को पीएचसी त्रिलोकपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में कुल 127 मरीजों का उपचार किया गया। उपचार पाने वालों में आर्यन सिंह (4 वर्ष), सुरभि (4 वर्ष), राजू (22 वर्ष), सुनील (38 वर्ष), पूनम (27 वर्ष), दिव्यांशी (8 वर्ष), अभय सिंह (18 वर्ष) और नीलम (32 वर्ष) सहित बड़ी संख्या में मरीज शामिल रहे। चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील रावत ने बताया कि इन दिनों तेज धूप और गर्मी के कारण सन स्ट्रोक तथा बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मेले में चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की व्यवस्था की गई थी। वहीं एएनएम शिवकुमारी ने बताया कि 12 महिलाओं एवं बच्चों का टीकाकरण किया गया।
मशीन के संचालन पर उठे सवाल
लैब टेक्नीशियन अंजू कुमारी ने बताया कि एटीएम स्वास्थ्य जांच मशीन से वर्तमान में जांच नहीं हो पा रही है इसलिए मरीजों की मैन्युअल जांच की जा रही है। कई मरीजों ने भी शिकायत की कि वे कई बार स्वास्थ्य केंद्र आ चुके हैं लेकिन हर बार मशीन के बजाय सामान्य जांच कर उन्हें वापस भेज दिया जाता है।ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से स्थापित की गई यह मशीन उपयोग के अभाव में केवल शोपीस बनकर रह गई है। ऐसे में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मरीजों एवं क्षेत्रीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मशीन को शीघ्र चालू कर वास्तविक जांच सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.