जनकल्याण शिविर में पहुंचे प्रभारी मंत्री जल जीवन मिशन की लापरवाही पर जताई नाराजगी
बाराबंकी - केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को ब्लॉक मुख्यालय पर जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कारागार राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संस्कार सुशासन और सम्मान की भावना के अनुरूप कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को तभी साकार किया जा सकता है जब गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह उर्फ भुल्लन वर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महापुरुषों के सपनों को साकार करते हुए समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
जल जीवन मिशन पर भड़के प्रभारी मंत्री
जनकल्याण एवं संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांवों में बनी पानी की टंकियों से जलापूर्ति न होने तथा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों खड़ंजों इंटरलॉकिंग और सीसी रोड की मरम्मत न किए जाने की शिकायत की। कार्यक्रम में जल जीवन मिशन विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी उपस्थित न होने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जिला मुख्यालय तलब किया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में बरती गई लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को हर हाल में पेयजल उपलब्ध कराया जाना विभाग की जिम्मेदारी है। अंत में खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.