मोहर्रम सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील, टिकैतनगर कोतवाली में पीस कमेटी की हुई बैठक
टिकैतनगर बाराबंकी : आगामी मोहर्रम एवं अन्य त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली टिकैतनगर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज एवं क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव ने की। बैठक में उपस्थित ताजियादारों, ग्राम प्रधानों एवं गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।एसडीएम अनिल कुमार सरोज ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप अत्यधिक ऊंचे ताजिये न रखे जाएं तथा नाबालिग बच्चों के हाथों में आलम या ताजिया न दिया जाए। उन्होंने कहा कि ताजिया एवं आलम की जिम्मेदारी केवल 18 वर्ष से अधिक आयु के जिम्मेदार युवाओं को ही सौंपी जाए।
क्षेत्राधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि सभी जिम्मेदार एवं सामाजिक लोग असामाजिक तथा शरारती तत्वों पर नजर रखें। यदि कोई व्यक्ति सौहार्दपूर्ण माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें। ताकि समय रहते उचित कार्रवाई कर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में याकूब नेता, हाफिज हसीब क़ादरी, मुन्ना राइन, प्रधान मुस्तजाब अहमद, कारी सरफराज आलम सोनू शर्मा, अली अहमद, सिराज अहमद, अली सिद्दीकी, रमजान अली, रिजवान सहित सैकड़ों ताजियादार उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.