डॉ. तौसीफ़ फ़तेहपुरी की याद में भव्य मुशायरे का आयोजन
बाराबंकी : फ़तेहपुर कस्बे में गत रात्रि ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से मरहूम डॉ. तौसीफ़ फ़तेहपुरी की याद में एक शानदार मुशायरे का आयोजन किया गया। इस साहित्यिक कार्यक्रम की सरपरस्ती राही सिद्दीकी ने की, जबकि अध्यक्षता प्रसिद्ध शायर, साहित्यकार एवं अफ़सानानिगार रहमान अब्बासी ने की। कार्यक्रम का संचालन अमीर फ़ैसल लखनवी ने किया। मुशायरे की शुरुआत हाफ़िज़ सलमान राईन की नात-ए-पाक से हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रिज़वान मुनीर और मोहम्मद कफ़ील ख़ान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में रहमान अब्बासी ने कहा कि मरहूम डॉ. तौसीफ़ फ़तेहपुरी से उनके पुराने और घनिष्ठ संबंध थे। वे बेहद ख़ुशअख़लाक़, समाजसेवी और मिलनसार व्यक्तित्व के मालिक थे। उनका अचानक दुनिया से चले जाना उर्दू अदब के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साहित्यिक महफ़िलें नवोदित शायरों के लिए अत्यंत उपयोगी होती हैं और उर्दू भाषा व साहित्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं। मुशायरे में पेश किए गए चुनिंदा अशआर:
किसी ने भी तो मिरी ख़ैरियत नहीं पूछी
किसी के शाने को कुछ देर मैं भिगोता क्या
रहमान अब्बासी
एक उंगली की हक़ीक़त में नहीं कोई बिसात
हाँ मगर पाँच को आपस में मिला कर देखो
राही सिद्दीकी
कब तलक दोस्ती निभाते हम
इतने आँसू कहाँ से लाते हम
वक़ार काशिफ़
कोई अंगुश्तनुमाई नहीं कर सकता है
जब तलक आबरू महफ़ूज़-ए-मकाँ होती है
नसीम अख़्तर क़ुरैशी
हैं मुसलमाँ बावफ़ा, ख़ुद बोलेगा दिल आपका
आँख से चश्मा-ए-तअस्सुब को हटा कर देखिए
हस्सान साहिर
किस बला की थी प्यास की शिद्दत
देख कर मुझ को डर गया पानी
हसन नईम
शाही महल हो दिल्ली का या आगरा का ताज
ये सारी मिल्कियत है मेरे ख़ानदान की
ज़ुबैर सीतापुरी
अमीर-ए-शहर अगर बदख़िसाल होता है
तो फिर अवाम का जीना मुहाल होता है
रिज़वान जमाली,
ज़ुहूर फ़ैज़ी, मुतीउल्लाह हुसैनी,नदीम बलहरवी,वसीक़ुर्रहमान शफ़क़,जावेद कुंवारा आदि शयरो ने कलाम पढ़े। इस अवसर पर शफ़ीक़ ख़ान, ग़ौस ख़ान, इम्तियाज़ मलिक, सैयद शहनवाज़, सैयद अरसलान सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर मरहूम डॉ. तौसीफ़ फ़तेहपुरी की मग़फ़िरत के लिए दुआ की गई। अंत में ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी के चेयरमैन मोहम्मद फ़हीम सिद्दीकी ने सभी शायरों, अतिथियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.