सड़क किनारे खेल रही मासूम को पिकअप ने रौंदा, चार वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत
बाराबंकी : फतेहपुर थाना क्षेत्र के नवीगंज गांव के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई।घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही बच्ची को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवीगंज निवासी मोहम्मद अहमद की चार वर्षीय पुत्री मायरा सोमवार शाम घर के समीप खेल रही थी। इसी दौरान सूरतगंज की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।बताया जाता है कि मायरा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। परिजनों ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा जताई है। वहीं पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान कर मामले की जांच में जुट गई है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.