डांडेतुला धाम के तालाब में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत, दोस्तों संग घूमने आया था लखनऊ निवासी

बाराबंकी : घुघंटेर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध डांडेतुला धाम में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों का माहौल मातम में बदल दिया। दोस्तों के साथ घूमने और स्नान करने आए एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, लखनऊ जनपद के हिम्मतपुरवा निवासी रोहित पुत्र अजय अपने कुछ मित्रों के साथ डांडेतुला धाम घूमने आया था। सभी युवक तालाब में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान रोहित अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथियों एवं स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही घुघंटेर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) फतेहपुर तथा उप जिलाधिकारी (एसडीएम) फतेहपुर भी घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रशासन की निगरानी में गोताखोरों की मदद से तालाब में व्यापक तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने रोहित का शव तालाब से बाहर निकाला। परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने आवश्यक पंचनामा एवं अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। वहीं, युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.