नगीना सांसद चन्द्र शेखर आजाद के फतेहपुर पहुंचने पर हुआ ज़ोरदार स्वागत
फतेहपुर,बाराबंकी : सीतापुर जनपद की महमूदाबाद तहसील अंतर्गत मझगांव गांव में निर्मित पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद का गुरुवार को फतेहपुर नगर में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उनके आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक पटेल चौराहे पर एकत्र हो गए। पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और चंद्रशेखर आजाद के पहुंचते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत करते हुए नारेबाजी की।
फतेहपुर के पटेल चौराहे पर पहुंचकर चंद्रशेखर आजाद ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक बदलाव पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने राजनीतिक शक्ति को सबसे बड़ा साधन बताया था, क्योंकि सरकार ही यह तय करती है कि जनता को कैसी शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़कें, बिजली व्यवस्था, आईटीआई और मेडिकल कॉलेज मिलेंगे। जिनके पास राजनीतिक सत्ता नहीं होती, वे अपने अधिकारों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने को मजबूर होते हैं।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि गरीब, वंचित और शोषित समाज अपनी ताकत को पहचाने और राजनीतिक रूप से मजबूत बने। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब गरीब और आम जनता भी सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार नहीं चाहती कि बहुजन समाज आगे बढ़े, इसलिए अंबेडकर जयंती जैसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी अनुमति देने में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं।
मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है और जनता ही तय करेगी कि गरीबों का राज आएगा या नहीं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों का उनके स्वागत के लिए जुटना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में आजाद समाज पार्टी प्रदेश की राजनीति में मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया, कोतवाल अमित प्रताप सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी अजय कुमार पाण्डेय सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। स्वागत एवं संबोधन कार्यक्रम के बाद चंद्रशेखर आजाद अपने निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीतापुर की ओर रवाना हो गए।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.