सीमैप के तत्वावधान में किसान गोष्ठी आयोजित मेंथा उत्पादन व आधुनिक कृषि तकनीकों की दी जानकारी

बाराबंकी : ग्राम चंदनपुरवा में सीएसआईआर-सीमैप के तत्वावधान में हालीआन प्रोजेक्ट के अंतर्गत एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में किसानों को मेंथा उत्पादन जैविक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में सीमैप से आए वैज्ञानिक डॉ. अनिल कुमार सिंह ने मेंथा फसल की कटाई एवं मेंथा सकर्स उत्पादन की तकनीकों पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. रक्षपाल ने मेंथा आसवन अपशिष्ट के उपयोग से वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापित करने जैविक कटलरी निर्माण तथा मशरूम उत्पादन के माध्यम से आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उपाय बताए।डॉ. विनीत ने किसानों को ड्रोन के माध्यम से फसलों पर छिड़काव की आधुनिक तकनीक की जानकारी दी।इसके अलावा अभिषेक सिंह ने मेंथा तेल के आसवन गुणवत्ता परीक्षण एवं सुरक्षित भंडारण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। गोष्ठी में सीएसआईआर-सीमैप के शोधार्थी मयंक श्रीवास्तव, अंकुल वर्मा, धर्मेंद्र सिंह वर्मा और अमरेंद्र कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्लस्टर के लीड फार्मर ऋषि यादव, अजय यादव सहित 100 से अधिक किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर किसानों ने सीएसआईआर-सीमैप के निदेशक डॉ. प्रबोध कुमार त्रिवेदी तथा मुख्य वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.